देहरादून। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने राजस्व एवं कर निरीक्षक भर्ती के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी है। आयोग ने ऑनलाइन आवेदन और शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 18 अगस्त 2026 कर दी है। इससे उन अभ्यर्थियों को दोबारा मौका मिल गया है, जो तकनीकी और नेटवर्क संबंधी समस्याओं के कारण निर्धारित समय तक आवेदन नहीं कर पाए थे।

आयोग के सचिव अशोक कुमार पांडेय के अनुसार, इस भर्ती के लिए पहले आवेदन की अंतिम तिथि 4 अगस्त निर्धारित की गई थी। लेकिन प्रदेश के पर्वतीय और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कई इलाकों में नेटवर्क की समस्या बनी हुई थी। इसके चलते अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन करने में परेशानी का सामना करना पड़ा।

अभ्यर्थियों की सुविधा को देखते हुए आयोग ने आवेदन प्रक्रिया को दोबारा खोलने का निर्णय लिया है। 8 अगस्त से 18 अगस्त तक अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं और निर्धारित शुल्क जमा कर सकते हैं। आवेदन में किसी तरह की गलती होने पर संशोधन का अवसर भी दिया जाएगा। इसके लिए 25 अगस्त से करेक्शन विंडो उपलब्ध होगी।

राजस्व एवं कर निरीक्षक के पदों पर कुल 29 रिक्तियों के लिए भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जा रही है। यह भर्ती शहरी विकास विभाग के अंतर्गत उत्तराखंड पालिका (केंद्रीकृत) राजस्व सेवा से संबंधित है। इससे पहले आयोग ने 15 जुलाई से आवेदन प्रक्रिया शुरू की थी।

आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें। साथ ही आवेदन करने से पहले भर्ती से संबंधित पात्रता, दस्तावेज और अन्य जरूरी निर्देशों को ध्यान से पढ़ने की सलाह दी गई है।

इस फैसले से प्रदेश के उन युवाओं को राहत मिली है, जो खराब मौसम और नेटवर्क की समस्या के चलते पहले आवेदन नहीं कर सके थे।