रुद्रप्रयाग। नगरासू गुरुद्वारा प्रकरण में निहंगों के खिलाफ अब तक कोई ठोस कानूनी कार्रवाई नहीं होने पर स्थानीय लोगों और विभिन्न सामाजिक संगठनों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। गुरुवार को लोगों ने विरोध प्रदर्शन कर प्रशासन पर मामले में ढिलाई बरतने का आरोप लगाया और दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष व सख्त कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि नगरासू गुरुद्वारे में हुई घटनाओं के बाद यदि समय रहते कानूनी कार्रवाई की जाती तो क्षेत्र में तनाव की स्थिति नहीं बनती। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन ने बातचीत के जरिए गतिरोध तो समाप्त करा दिया, लेकिन कानून का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई नहीं होने से लोगों में असंतोष है। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कानून के दायरे में लाने की मांग की।

गौरतलब है कि कर्णप्रयाग में हुए विवाद के बाद कुछ निहंग नगरासू गुरुद्वारे में एकत्र हो गए थे, जिससे कई दिनों तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। प्रशासन और पंजाब से आए प्रतिनिधिमंडल के प्रयासों के बाद गतिरोध शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त हुआ और निहंग गुरुद्वारे से बाहर आ गए। हालांकि, घटना के बाद स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल समझौते से मामला समाप्त नहीं होना चाहिए और कानून के अनुसार कार्रवाई भी आवश्यक है।

प्रशासन ने क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि पूरे मामले की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

You missed