देवबंद। नंदा देवी एक्सप्रेस को लूटने की एक बड़ी साजिश बुधवार तड़के नाकाम हो गई। कोटा से देहरादून आ रही इस ट्रेन को देवबंद स्टेशन से आगे जंगल क्षेत्र में करीब 10 हथियारबंद बदमाशों ने निशाना बनाने की कोशिश की, लेकिन वे न तो ट्रेन रोक पाए और न ही कोच के अंदर प्रवेश कर सके।

घटना सुबह लगभग तीन बजे की बताई जा रही है। देवबंद स्टेशन से ट्रेन के रवाना होते ही स्टेशन मास्टर ने लोको पायलट को सूचना दी कि दो कोचों के बीच कुछ संदिग्ध लोग चढ़ गए हैं। इसके बाद तुरंत सभी कोच अटेंडेंट्स को सतर्क किया गया। अटेंडेंट्स ने बताया कि बदमाश बफर के पास मौजूद थे और ट्रेन रोकने की कोशिश कर रहे थे।

हालांकि, नए कोचों में वैक्यूम रिलीज सिस्टम नहीं होने के कारण बदमाश ट्रेन को रोकने में असफल रहे। साथ ही, सभी कोचों के दरवाजे लॉक होने के चलते वे अंदर प्रवेश नहीं कर पाए। कर्मचारियों को अपनी मौजूदगी का पता चलते ही बदमाश चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गए।

मामले को गंभीरता से लेते हुए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को जांच के निर्देश दिए गए हैं। कोच अटेंडेंट्स के बयान दर्ज कर बदमाशों के स्केच तैयार किए गए हैं और उनकी पहचान के प्रयास जारी हैं। पुलिस की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

मुरादाबाद मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और इस घटना की उच्चस्तरीय जांच कराई जा रही है।