उत्तराखंड के श्रीनगर में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान श्रीनगर में अध्ययनरत एक छात्र अलकनंदा नदी की तेज धारा में बह गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और प्रशासन ने तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीटेक कंप्यूटर साइंस तृतीय वर्ष का छात्र आनंद सोहन (23), जो तेलंगाना का निवासी बताया जा रहा है, अपने चार दोस्तों के साथ शाम करीब चार बजे अलकनंदा नदी में नहाने उतरा था। इसी दौरान नदी का तेज बहाव उसके लिए जानलेवा साबित हुआ और वह अचानक संतुलन खोकर धारा में बह गया।
घटना के समय मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के कारण वह देखते ही देखते आंखों से ओझल हो गया। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार के नेतृत्व में पुलिस, जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची।
फिलहाल छात्र की तलाश के लिए व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से अपील की है कि वे नदी के किनारे सतर्कता बरतें और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में न उतरें।
