टिहरी। टिहरी गढ़वाल जिले के घनसाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सांकरी गांव में 22 वर्षीय विवाहिता पूनम देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि जिस दिन पूनम की पहली शादी की सालगिरह थी, उसी दिन उसकी मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात पूनम की तबीयत बिगड़ने की बात कहकर उसके पति और ससुर उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पीएचसी पिलखी की प्रभारी डॉ. उषा भट्ट ने रात करीब 12 बजे पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी।
घटना की खबर मिलते ही मायके पक्ष में कोहराम मच गया। परिजन देर रात अस्पताल पहुंचे और पिलखी व बेलेश्वर अस्पताल में जमकर हंगामा और प्रदर्शन किया। मृतका के पिता शिव सिंह बिष्ट ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या की गई है। उन्होंने बताया कि पूनम हाल ही में मायके आई थी और 25 अप्रैल को ससुराल लौटी थी, लेकिन उसी रात उसकी मौत की सूचना दी गई।
परिजनों का आरोप है कि पूनम को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था और उसके शरीर पर चोट के निशान भी थे। उन्होंने यह भी दावा किया कि शव को एम्बुलेंस के बजाय कार की डिग्गी में लाया गया, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है।
वहीं, पुलिस ने पिता की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष अजय कुमार जाटव के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट होगा। पुलिस ने ससुर को हिरासत में लिया है, जबकि पति को अंतिम संस्कार के बाद हिरासत में लिया जाएगा।
