देहरादून। उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में असफल हुए छात्र-छात्राओं के लिए राहत भरी खबर है। अब फेल होने पर मायूस होने की जरूरत नहीं होगी, क्योंकि बोर्ड की ओर से पास होने के लिए पूरे साल में तीन मौके दिए जाएंगे। इस वर्ष हाईस्कूल (10वीं) में 8610 और इंटरमीडिएट (12वीं) में 14,953 छात्र-छात्राएं असफल हुए हैं।
उत्तराखंड बोर्ड के सचिव विनोद सिमल्टी के अनुसार, हाईस्कूल में दो विषयों तक और इंटरमीडिएट में एक विषय में फेल छात्रों को यह अवसर मिलेगा। इसके तहत वे सालभर में आयोजित होने वाली परीक्षाओं में शामिल होकर पास हो सकते हैं।
इसके अलावा, जिन छात्रों को अपने अंकों से संतुष्टि नहीं है, वे अंक सुधार परीक्षा भी दे सकते हैं। वहीं, जो छात्र अपनी उत्तर पुस्तिकाएं देखना चाहते हैं, उन्हें भी यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल कुमार सती ने बताया कि बोर्ड जल्द ही ऐसे छात्रों से आवेदन पत्र भरवाएगा, ताकि उन्हें समय पर यह अवसर मिल सके। इस पहल से हजारों छात्रों को अपना शैक्षणिक वर्ष बचाने में मदद मिलेगी।
