देहरादून। मसूरी-देहरादून मार्ग पर कुठालगेट स्थित शिव मंदिर के निकट निर्मित दूसरे अस्थायी बैली ब्रिज का शुक्रवार देर रात उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने उद्घाटन कर इसे जनता को समर्पित किया। उद्घाटन से पहले मंत्री ने विभागीय अधिकारियों के साथ स्थल का निरीक्षण भी किया, जिसके बाद पुल को आवागमन के लिए खोल दिया गया।
इस अवसर पर मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि पर्यटन सीजन के दौरान मसूरी-देहरादून मार्ग पर यातायात का दबाव काफी बढ़ जाता है। इससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों को लंबे जाम और असुविधा का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि स्थायी पुल के निर्माण प्रस्ताव के पूर्ण होने तक लोगों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से इस अस्थायी बैली ब्रिज का निर्माण कराया गया है।
मंत्री ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने निर्धारित समय सीमा के भीतर पुल निर्माण का कार्य पूरा कर सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस पुल के शुरू होने से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था सुचारू होगी और जाम की समस्या में कमी आएगी।
इस दौरान मंत्री जोशी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार आम जनता की सुविधा के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
उद्घाटन कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी भी उपस्थित रहे।
