पंतनगर। उत्तराखंड के प्रतिष्ठित जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में कुलपति पद के चयन को लेकर हलचल तेज हो गई है। चयन प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी है, हालांकि अंतिम घोषणा अभी बाकी है। इस बीच, पैनल में शामिल एक दावेदार को लेकर विवाद सामने आने से चर्चाएं और बढ़ गई हैं।

सूत्रों के अनुसार, राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने 20 अप्रैल 2026 को कुलपति पद के दावेदारों के साथ इंटरैक्शन बैठक की थी। राज्य सरकार द्वारा गठित सर्च कमेटी ने तीन नामों—डॉ. मनमोहन सिंह चौहान, डॉ. हरेंद्र कुमार चौधरी और डॉ. शिवेंद्र कश्यप का पैनल राज्यपाल को सौंपा है।

इसी बीच, डॉ. शिवेंद्र कश्यप को लेकर वित्तीय अनियमितता का मामला चर्चा में आ गया है। बताया जा रहा है कि उनके खिलाफ करीब 10 लाख रुपये की कथित अनियमितता से जुड़ा मामला लंबित है। इस प्रकरण में पूर्व में जारी चार्जशीट को उन्होंने उच्च न्यायालय में चुनौती दी थी, लेकिन न्यायालय ने इसे निरस्त नहीं किया और विश्वविद्यालय प्रशासन को नियमानुसार कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए।

जानकारी के मुताबिक, 6 अप्रैल को हुई बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट की बैठक में भी इस मुद्दे पर विचार किया गया, जिसमें आगे की कार्रवाई बढ़ाने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा, यह भी आरोप है कि डॉ. कश्यप ने कुलपति पद के लिए आवेदन निर्धारित “प्रॉपर चैनल” के बजाय सीधे राज्य सरकार को भेजा और इसके लिए आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) भी प्राप्त नहीं किया।

इन घटनाक्रमों के बीच अब सभी की निगाहें राज्यपाल के अंतिम निर्णय पर टिकी हैं।