देहरादून। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग द्वारा जारी नए भर्ती कैलेंडर ने प्रदेश के युवाओं को निराश कर दिया है। कैलेंडर में कुल 22 भर्तियों का जिक्र किया गया है, जिनमें से 16 परीक्षाएं केवल प्रवक्ता (लेक्चरर) पदों के लिए निर्धारित हैं। इससे उन अभ्यर्थियों में चिंता बढ़ गई है, जो पीसीएस, लोअर पीसीएस, समीक्षा अधिकारी (RO), सहायक समीक्षा अधिकारी (ARO), एई और जेई जैसी महत्वपूर्ण भर्तियों का लंबे समय से इंतजार कर रहे थे।
आयोग के कैलेंडर में इन प्रमुख भर्तियों का कोई उल्लेख नहीं होने से युवाओं में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। हालांकि, 21 से 24 अप्रैल तक पीसीएस-जे मुख्य परीक्षा और 27 से 30 अप्रैल तक पीसीएस मुख्य परीक्षा का कार्यक्रम तय किया गया है, लेकिन नई भर्तियों को लेकर कोई स्पष्टता नहीं दी गई है।
कैलेंडर के अनुसार, आयोग का मुख्य फोकस इस वर्ष राजकीय इंटर कॉलेजों में प्रवक्ता भर्ती पर नजर आ रहा है। विभिन्न विषयों की मुख्य परीक्षाएं 9 मई से शुरू होकर 6 दिसंबर तक आयोजित होंगी। इनमें भौतिक शास्त्र, नागरिक शास्त्र, हिंदी, इतिहास, गणित, जीव विज्ञान, अंग्रेजी, रसायन शास्त्र, वाणिज्य, भूगोल, अर्थशास्त्र, समाजशास्त्र, संस्कृत, गृह विज्ञान और कला जैसे विषय शामिल हैं।
इसके अलावा, 19 मई को समीक्षा अधिकारी लेखा परीक्षा-2024 और 19 जुलाई को हाईकोर्ट समीक्षा अधिकारी, टाइपिस्ट व लाइब्रेरियन की स्क्रीनिंग परीक्षा प्रस्तावित है। आयोग ने 6 सितंबर और 4 अक्तूबर को भी परीक्षा तिथियां आरक्षित रखी हैं, जिन पर बाद में निर्णय लिया जाएगा।
भर्तियों की सीमित संख्या और महत्वपूर्ण पदों की अनुपस्थिति ने युवाओं की चिंता बढ़ा दी है, जिससे वे भविष्य को लेकर असमंजस में हैं।
