किच्छा। नई मंडी स्थित गेहूं क्रय केंद्र पर खरीद न होने से आक्रोशित विधायक तिलक राज बेहड़ शुक्रवार को मौके पर पहुंचे और व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों व कर्मचारियों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र पर भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी का खेल चल रहा है।

मंडी पहुंचकर विधायक ने खरीद की स्थिति जानी, जिस पर केंद्र प्रभारी ने बताया कि पोर्टल न चलने के कारण खरीद शुरू नहीं हो पा रही है। इस पर बेहड़ ने एसएमओ ओम नारायण मिश्रा को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि पहले भी उनके खिलाफ धान खरीद में अनियमितताओं की शिकायतें हुई थीं, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच के कागजात दबाकर उन्हें फिर से तैनात किया गया है।

विधायक ने गुस्से में कहा कि यदि किसानों को परेशानी हुई तो संबंधित अधिकारियों को जवाबदेह ठहराया जाएगा। इसके बाद वह किसानों के साथ करीब दो घंटे तक धरने पर बैठे। इस दौरान किसानों ने आरएफसी का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की।

धरने की सूचना मिलने पर डिप्टी आरएमओ अशोक कुमार मौके पर पहुंचे और शाम तक खरीद शुरू कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद विधायक ने धरना समाप्त किया। हालांकि उन्होंने एसएमओ को तत्काल हटाने की मांग दोहराई और चेतावनी दी कि यदि स्थिति नहीं सुधरी तो आंदोलन तेज किया जाएगा।

विधायक ने कहा कि किसानों को फसल जलने, चोरी और खरीद न होने का डर सता रहा है, लेकिन प्रशासन उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहा, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।