देहरादून। उत्तराखंड सरकार समाज कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं में बड़ा बदलाव करने की तैयारी में है। सरकार पेंशन योजनाओं की राशि बढ़ाने के साथ ही पात्रता की आय सीमा में भी वृद्धि करने जा रही है। इस संबंध में समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने गुरुवार को विधानसभा सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने बताया कि विधवा और दिव्यांग पेंशन को 1500 रुपये से बढ़ाकर 1875 रुपये कर दिया गया है। वहीं, बौना पेंशन और तीलू रौतेली पेंशन को 1200 रुपये से बढ़ाकर 1500 रुपये करने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा दिव्यांग भरण-पोषण अनुदान को 700 रुपये से बढ़ाकर 1000 रुपये करने की योजना है। पेंशन योजनाओं की पात्रता के लिए आय सीमा को भी 4000 रुपये से बढ़ाकर 6000 रुपये तक करने की तैयारी चल रही है।
बैठक में मसूरी स्थित बालिका इंटर कॉलेज के छात्रावास के पुनर्निर्माण कार्य को तीन महीने में पूरा कर सितंबर से संचालन शुरू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।
मंत्री ने बताया कि अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत जरूरतमंद बुजुर्गों को निशुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। साथ ही एससी-एसटी बहुल क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए जिलेवार विशेष कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
अंतरजातीय विवाह योजना में भी संशोधन किया जा रहा है। अब सहायता राशि विवाह की तिथि से एक वर्ष के भीतर प्रदान की जा सकेगी। इसके अलावा छात्रवृत्ति योजनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, आश्रम पद्धति विद्यालयों और आईटीआई में नए ट्रेड शुरू करने तथा अनुभवी प्रशिक्षकों की नियुक्ति पर भी जोर दिया गया।
