देहरादून। नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को अपने 28वें उत्तराखंड दौरे पर पहुंचेंगे। पुष्कर सिंह धामी के साढ़े चार वर्ष के कार्यकाल में यह उनका 18वां दौरा होगा। इस दौरान प्रधानमंत्री दून-दिल्ली एक्सप्रेस-वे और टिहरी में देश के पहले 1000 मेगावाट क्षमता वाले वेरिएबल स्पीड पंप स्टोरेज संयंत्र का लोकार्पण करेंगे।

प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे से पहले उत्तराखंड समानता पार्टी ने अपनी मांगों को लेकर सक्रियता बढ़ा दी है। पार्टी नेताओं ने ऑनलाइन बैठक में यूसीसी संशोधन विधेयक को तत्काल वापस लेने और विधानसभा परिसीमन में क्षेत्रफल को आधार बनाने की मांग उठाई।

प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष जुड़ाव रहा है। उन्होंने 11 सितंबर 2015 को पहली बार ऋषिकेश का दौरा किया था। इसके बाद वे केदारनाथ धाम का पांच बार भ्रमण कर चुके हैं, जबकि बदरीनाथ, मुखबा और आदि कैलास जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी जा चुके हैं। उनके दौरों से राज्य में तीर्थाटन और पर्यटन को नई पहचान मिली है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में राज्य को अब तक दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं का लाभ मिला है, जिससे कनेक्टिविटी और आधारभूत ढांचे में व्यापक सुधार हुआ है।

दौरे की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री ने देहरादून के गढ़ी कैंट स्थित जसवंत ग्राउंड और मां डाट काली मंदिर तक स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और स्वच्छता से संबंधित सभी इंतजाम समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।