देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को देहरादून के बल्लूपुर चौक पर आयोजित स्वच्छता अभियान में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने स्वयं सफाई कार्य में भाग लेकर आम जनता को स्वच्छता के प्रति जागरूक होने का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को हर नागरिक को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना होगा। जब तक लोग स्वेच्छा से आगे आकर अपने घर, मोहल्ले और शहर को साफ रखने की जिम्मेदारी नहीं निभाएंगे, तब तक स्थायी परिवर्तन संभव नहीं है।
उन्होंने नगर निगम के इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के जनसहभागिता आधारित कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि ऐसे अभियानों को नियमित रूप से चलाया जाना चाहिए, ताकि स्वच्छता के प्रति जागरूकता लगातार बनी रहे।
इस मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, नगर निगम के अधिकारी और बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे। सभी ने मिलकर स्वच्छता का संकल्प लिया और शहर को साफ-सुथरा बनाए रखने का संदेश दिया।
