रुड़की। रुड़की के भोगपुर गांव के पास स्थित खाटू श्याम मंदिर में रविवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां रात में सो रहे सेवादार की अज्ञात बदमाशों ने हत्या कर दी। मृतक की पहचान राजवीर (65) निवासी गोधना, मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है, जो पिछले करीब दो महीनों से मंदिर में सेवा कर रहे थे और रात में परिसर में ही विश्राम करते थे।

जानकारी के अनुसार, शनिवार रात भी राजवीर मंदिर प्रांगण में सोए हुए थे। रविवार सुबह जब एक ग्रामीण मंदिर पहुंचा, तो उसने उन्हें खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ा देखा। यह देख वह घबरा गया और तुरंत गांव के अन्य लोगों को सूचना दी। घटना की खबर मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलने पर पुलिस क्षेत्राधिकारी लक्सर देवेंद्र सिंह नेगी, कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी और भिक्कमपुर चौकी प्रभारी यशवीर सिंह नेगी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बदमाश चोरी के इरादे से मंदिर में घुसे थे। इस दौरान सेवादार के जागने और विरोध करने पर आरोपियों ने उनके सिर पर किसी भारी वस्तु से वार कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

सीओ लक्सर देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर घटना का खुलासा किया जाएगा।