चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खबर है। केदारनाथ हेली सेवा के टिकटों की बुकिंग का इंतजार अब खत्म हो गया है। IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट आज शाम 6 बजे से बुकिंग के लिए खोली जाएगी।
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के निर्देश पर इस बार पूरी प्रक्रिया को डिजिटल बनाया गया है। पहले चरण में 22 अप्रैल से 15 जून तक की यात्रा के लिए टिकट बुक किए जा सकेंगे, जबकि दूसरे चरण में आगे की तिथियों के लिए बुकिंग खोली जाएगी।
यूकाडा के सीईओ आशीष चौहान ने बताया कि इस वर्ष 100 प्रतिशत टिकट बुकिंग केवल ऑनलाइन माध्यम से ही होगी। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे केवल अधिकृत वेबसाइट के माध्यम से ही टिकट बुक करें और किसी भी फर्जी वेबसाइट से सावधान रहें।
गौरतलब है कि केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवा की मांग हर साल काफी अधिक रहती है, जिसके चलते टिकट कुछ ही मिनटों में फुल हो जाते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को समय पर लॉग-इन कर बुकिंग करने की सलाह दी गई है।
