उधम सिंह नगर। उधम सिंह नगर जिले के किच्छा क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी है। 42 वर्षीय रामवीर, जो इनटार्क फैक्ट्री में फिटर के पद पर कार्यरत था, 8 अप्रैल की रात करीब साढ़े 10 बजे ड्यूटी खत्म कर फैक्ट्री से निकला था, लेकिन वह घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, मगर काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और फैक्ट्री के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में रामवीर का नेशनल हाईवे-74 पर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से हादसा होता दिखाई दिया। इसके बाद मामला और संदिग्ध हो गया है।

प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ने सबूत मिटाने के उद्देश्य से जेसीबी मशीन मंगवाई और रामवीर के शव को सड़क किनारे गड्ढा खोदकर दबा दिया। सूचना मिलते ही पुलिस, परिजन और फैक्ट्री प्रबंधन मौके पर पहुंच गए।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। संदिग्ध स्थान पर जेसीबी की मदद से खुदाई कराई जा रही है, जहां शव मिलने की आशंका जताई जा रही है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और स्थानीय लोग जल्द से जल्द सच्चाई सामने आने की मांग कर रहे हैं।