देहरादून। एयर इंडिया एक्सप्रेस दून एयरपोर्ट से पहली बार नियमित रात्रि उड़ान सेवा शुरू करने जा रही है। समर शेड्यूल के तहत एक अप्रैल से देहरादून और बंगलूरू के बीच नाइट फ्लाइट संचालित की जाएगी।

एयरलाइन की यह फ्लाइट शाम 5:25 बजे बंगलूरू एयरपोर्ट से उड़ान भरेगी और करीब तीन घंटे पांच मिनट की यात्रा के बाद रात 8:30 बजे देहरादून एयरपोर्ट पहुंचेगी। इसके बाद यही विमान देहरादून से रात 9:00 बजे रवाना होकर लगभग 12:05 बजे देर रात बंगलूरू पहुंचेगा। इस रूट के लिए एक तरफ का किराया 9198 रुपये निर्धारित किया गया है।

फिलहाल यह सेवा 1 से 15 अप्रैल तक संचालित होगी। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर इसे नियमित किए जाने की संभावना जताई जा रही है। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, पर्यटन सीजन को देखते हुए अन्य एयरलाइंस भी जल्द रात्रि उड़ानें शुरू कर सकती हैं।

दून एयरपोर्ट के निदेशक भूपेश सीएच नेगी ने बताया कि नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) द्वारा 9 फरवरी 2012 को ही नाइट लैंडिंग की अनुमति दी गई थी। इसके बाद से सेना और निजी चार्टर्ड विमानों की रात में आवाजाही होती रही है।

यह पहला अवसर है जब तय समय सारिणी के अनुसार कोई एयरलाइन नियमित नाइट फ्लाइट शुरू कर रही है। मार्च के अंत से समर शेड्यूल लागू होने के साथ ही उड़ानों की संख्या में और बढ़ोतरी की उम्मीद है, जिससे पर्यटन और कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलेगा।

You missed