देहरादून। देहरादून के बसंत विहार थाना क्षेत्र अंतर्गत सीमाद्वार में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आपातकालीन सेवा 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि सीमाद्वार के पास एक महिला फंदे से लटकी हुई है। सूचना मिलते ही बसंत विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को फंदे से उतारकर तत्काल 108 एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मृतका के पति को भी घटना की सूचना दे दी है, जो वर्तमान में बाहर कार्यरत हैं।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मृतका एक निजी अस्पताल में नर्स के पद पर कार्यरत थी। बसंत विहार थाना प्रभारी अशोक राठौड़ ने बताया कि मृतका के परिजनों ने राजवीर नामक व्यक्ति, जो आईटीबीपी सीमाद्वार का निवासी है, पर मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है।
परिजनों की तहरीर के आधार पर बुधवार को संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
