देहरादून। रानीपोखरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत थानो के धारकोट इलाके में एक श्रमिक की उसके ही साथी द्वारा हथौड़े से वार कर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भूईया मंदिर थानो मार्ग से गिरफ्तार कर लिया।

बृहस्पतिवार को पुलिस को सूचना मिली कि नीम करौली मंदिर, धारकोट के पास निर्माणाधीन मकान के अंदर एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे जौलीग्रांट अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान बबलू के रूप में हुई।

बाद में उसके भाई प्रमोद कुमार ने शव की शिनाख्त बबलू पुत्र रिक्खी राम, निवासी ग्राम जरही मोतीपुर, बहराईच (उत्तर प्रदेश) के रूप में की। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कर साक्ष्य जुटाए तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक के भाई की तहरीर पर पप्पू साहनी पुत्र रामशरण, निवासी वार्ड नंबर 7, बांक बैंक, बेगूसराय (बिहार) के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। सीओ नीरज सेमवाल ने बताया कि आरोपी और मृतक साथ में मजदूरी करते थे। 22 फरवरी की रात पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ, जो हाथापाई में बदल गया। इसी दौरान पप्पू ने बबलू के सिर पर हथौड़ा मार दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना के बाद उसने शव पर कंबल डालकर कमरे में बाहर से ताला लगाया और फरार हो गया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।