हरिद्वार। उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा की सुचिता पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। राजकीय इंटर कॉलेज सलेमपुर केंद्र पर आठ फर्जी अभ्यर्थियों के पकड़े जाने का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि अब बहादराबाद ब्लॉक के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सोहलपुर परीक्षा केंद्र पर दो और फर्जी परीक्षार्थी पकड़े गए हैं।

शनिवार को केंद्र पर गृह विज्ञान की परीक्षा आयोजित थी। सुबह 10 बजे परीक्षा शुरू होने के बाद कक्ष निरीक्षकों ने परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्रों की जांच की। इस दौरान व्यक्तिगत परीक्षार्थी के रूप में परीक्षा दे रही दो बालिकाओं पर संदेह हुआ। गहन जांच में उनके प्रवेश पत्र फर्जी पाए गए। तत्पश्चात दोनों की उत्तर पुस्तिकाएं सील कर गोपनीय अनुभाग को भेज दी गईं।

बताया गया कि जिन छात्राओं की जगह परीक्षा दी जा रही थी, वे वर्णिका लालयान इंटर कॉलेज, हददीपुर (हरिद्वार) में पंजीकृत हैं। सूचना मिलने पर विभागीय अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और केंद्र व्यवस्थापक को आगामी परीक्षाओं में सख्ती बरतने के निर्देश दिए।

केंद्र व्यवस्थापक चंद्रभान ने संबंधित थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों से बोर्ड परीक्षा की पारदर्शिता पर गंभीर प्रश्न उठने लगे हैं।