लक्सर। हरिद्वार जिले के लक्सर थाना क्षेत्र के पथरी इलाके में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पारिवारिक कलह से परेशान एक युवक शराब के नशे में मोबाइल टावर पर चढ़ गया। टावर पर युवक को चढ़ता देख आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और किसी अनहोनी की आशंका को लेकर तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही थाना पथरी पुलिस बिना देरी किए मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए पुलिस ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पुलिसकर्मियों ने पूरी सतर्कता और संयम के साथ युवक से बातचीत शुरू की। काफी देर तक चली बातचीत में पुलिस ने युवक को समझाया-बुझाया और उसे शांत करने का प्रयास किया। पुलिस की मानवीय संवेदनशीलता और सूझबूझ का ही परिणाम रहा कि युवक धीरे-धीरे पुलिस की बातों से सहमत हुआ।

काफी मशक्कत के बाद पुलिस टीम ने युवक को सकुशल नीचे उतार लिया। रेस्क्यू के बाद मौके पर ही युवक की काउंसलिंग की गई और उसे समझाया गया कि किसी भी परिस्थिति में इस तरह अपनी जान को खतरे में डालना किसी समस्या का समाधान नहीं है। पुलिस ने युवक की मानसिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए परिजनों को भी मौके पर बुलाया और आवश्यक समझाइश के बाद युवक को उनके सुपुर्द कर दिया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशील रवैये से एक बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों ने थाना पथरी पुलिस की तत्परता, धैर्य और मानवीय दृष्टिकोण की खुले दिल से सराहना की।

You missed