शहीद सैनिक विजय सिंह गुसाईं का पार्थिव शरीर आजड उनके पैतृक गांव पहुंचा। उनके अंतिम दर्शनों के लिए भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। कोटेश्वर घाट पर जवान का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान घाट पर बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
कोटेश्वर घाट पर हुआ जवान विजय सिंह का अंतिम संस्कार
नरेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र के कंडारी गांव निवासी 7वीं गढवाल राइफल के सैनिक विजय सिंह मध्य प्रदेश में ट्रेनिंग के दौरान शहीद हो गए थे। उनका पार्थिव शरीर आज उनके घर लाया गया। बुधवार सुबह जैसे ही उनका पार्थिव शरीर उनके घर पहुंचा तो बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी उनके आवास पर पहुंचने लगे। सैनिक विजय सिंह गुसांई के अंतिम दर्शन के लिए पट्टी क्वीली, पालकोठ, धार अकरिया, मखलोगी, कुजणी के सैकड़ों लोग पहुंचे।
गार्ड ऑफ ऑनर के साथ हुआ अंतिम संस्कार
अंतिम दर्शन के बाद शहीद सैनिक विजय सिंह का उनके पैतृक घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान घाट पर मौजूद लोगों ने विजय सिंह गुसाई अमर रहे के नारे लगाए। नकी माता कमली देवी, पत्नी पूजा देवी, भाई विक्रम सिंह, बेटा अर्नव व अविरल के अलावा परिजनों और अंतिम संस्कार में शामिल सैकड़ों लोगों ने गमगीन माहौल में शहीद को नमन किया।
कोटेश्वर घाट पर गार्ड ऑफ ऑनर देते हुए पुष्प चक्र अर्पित करते हुए श्रद्धांजलि दी गई। चिता को विजय सिंह गुसाईं के भाई बिक्रम सिंह और उनके सात साल के बेटे अर्नव ने मुखाग्नि दी।