देहरादून। नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक फर्जी कॉल सेंटर का मुंबई पुलिस ने देहरादून में भंडाफोड़ किया है। मुंबई पुलिस की टीम ने स्थानीय पुलिस की सहायता से छापेमारी कर कॉल सेंटर से 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 9 लैपटॉप, 13 मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार मामला तब सामने आया जब मुंबई की एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि उसे एक निजी एयरलाइन में नौकरी दिलाने का झांसा देकर जनवरी और फरवरी के दौरान करीब 2.5 लाख रुपये की ठगी की गई। आरोपियों ने फर्जी भर्ती प्रक्रिया, पंजीकरण और अन्य शुल्क के नाम पर पैसे अपने बैंक खातों में जमा कराए। नौकरी न मिलने और संपर्क टूटने के बाद पीड़िता ने मुंबई के मानखुर्द पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान कॉल सेंटर का संचालन देहरादून से होने की जानकारी मिली।
जांच के बाद मुंबई पुलिस की टीम ने देहरादून पहुंचकर छापेमारी की और पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को निशाना बनाकर उनसे मोटी रकम वसूलते थे। पुलिस अब जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और बैंक खातों की जांच कर यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने देशभर में कितने लोगों को अपना शिकार बनाया। अधिकारियों ने युवाओं से अपील की है कि नौकरी के नाम पर किसी भी अनजान संस्था या व्यक्ति को पैसे देने से पहले उसकी पूरी जांच अवश्य करें।
