हल्द्वानी। हल्द्वानी में बिजली उपभोक्ताओं के लिए स्मार्ट मीटर लगवाना अब अनिवार्य होता जा रहा है। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) ने स्मार्ट मीटर नहीं लगवाने वाले उपभोक्ताओं को 48 घंटे का अंतिम नोटिस जारी किया है। निर्धारित समय सीमा के भीतर मीटर नहीं बदलवाने पर बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जाएगी।

ऊर्जा निगम ने बताया कि यह कार्रवाई केंद्र सरकार के अप्रैल 2026 में जारी अधिसूचना के आधार पर की जा रही है। जिन क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध है, वहां स्मार्ट मीटर लगाना अनिवार्य है। निगम ने ऐसे उपभोक्ताओं को नोटिस भेजने शुरू कर दिए हैं, जो अब तक मीटर बदलवाने का विरोध कर रहे हैं। निर्धारित समय के बाद भी सहयोग नहीं करने वालों के खिलाफ विद्युत आपूर्ति बाधित करने की कार्रवाई की जाएगी।

स्मार्ट मीटर लगाने के दौरान कई स्थानों पर विरोध की स्थिति सामने आने के बाद ऊर्जा निगम ने प्रशासन और पुलिस से भी सहयोग मांगा है। विभाग का कहना है कि अभियान के दौरान कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। इसके साथ ही शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पुराने मीटर बदलने का अभियान तेज कर दिया गया है।

हालांकि, स्मार्ट मीटर को लेकर कुछ जनप्रतिनिधियों और उपभोक्ताओं ने चिंता जताई है। उनका कहना है कि बिजली बिल और मीटर की कार्यप्रणाली को लेकर लोगों की शंकाओं का समाधान पहले किया जाना चाहिए। वहीं ऊर्जा निगम ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे विभागीय टीम का सहयोग करें और समय रहते स्मार्ट मीटर लगवाकर किसी भी असुविधा से बचें।

You missed