बड़कोट/उत्तरकाशी। उत्तराखंड में मौसम के करवट बदलते ही उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। यमुनोत्री धाम के आसपास की ऊंची चोटियों पर सोमवार को ताजा बर्फबारी हुई। बर्फ गिरने के बाद पहाड़ों पर सफेद चादर बिछ गई और पूरे क्षेत्र में ठंड बढ़ गई है। बर्फ से ढकी चोटियों का मनमोहक दृश्य श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को आकर्षित कर रहा है।
यमुनोत्री धाम और आसपास के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम तेजी से बदल रहा है। लगातार बारिश के बीच ऊंची चोटियों पर बर्फबारी होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। धाम क्षेत्र में ठंड का असर बढ़ने के साथ मौसम सुहावना हो गया है। पहाड़ियों पर बर्फ की सफेद परत नजर आने लगी है, जिससे क्षेत्र का प्राकृतिक सौंदर्य और निखर गया है।
उत्तरकाशी जिले के अन्य उच्च हिमालयी क्षेत्रों में भी मौसम का असर दिखाई दे रहा है। गंगोत्री-यमुनोत्री धाम की पहाड़ियों के साथ गोमुख ट्रैक और नेलांग-जादूंग घाटी में भी बर्फबारी हुई है। कुछ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में एक से चार फीट तक बर्फ गिरने की जानकारी सामने आई है।
वहीं, लगातार बारिश और बर्फबारी का असर चारधाम यात्रा पर भी पड़ा है। खराब मौसम और मार्गों की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर यात्रा को अस्थायी रूप से रोका था। यमुनोत्री क्षेत्र में भी श्रद्धालुओं की आवाजाही प्रभावित हुई। कई यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका गया, जबकि कुछ श्रद्धालुओं ने मौसम सामान्य होने तक यात्रा स्थगित करने का फैसला किया।
बारिश के कारण यमुनोत्री हाईवे के कुछ हिस्सों में मलबा आने से यातायात भी प्रभावित हुआ है। प्रशासन और संबंधित विभाग मार्गों की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। मौसम विभाग ने भी ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। ऐसे में यात्रियों और स्थानीय लोगों को मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।
