रामनगर/लालकुआं। उत्तराखंड के नैनीताल जिले में महिलाओं और बच्चों से जुड़े दो मामलों में पुलिस ने कार्रवाई की है। रामनगर के छोई क्षेत्र स्थित एक रिजॉर्ट में परिवार के साथ ठहरी 10 वर्षीय बच्ची से कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। वहीं, लालकुआं में ब्लैकमेलिंग से परेशान विवाहिता की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

छोई के रिजॉर्ट में बच्ची से छेड़छाड़ का आरोप

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश निवासी एक परिवार 26 सितंबर को रामनगर के छोई स्थित एक रिजॉर्ट में ठहरा था। आरोप है कि इसी दौरान रिजॉर्ट में काम करने वाले बिहार निवासी ट्रेनी कर्मचारी ने परिवार की 10 वर्षीय बच्ची के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की। घटना की जानकारी होने पर बच्ची के परिजनों ने पुलिस से शिकायत की।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी ट्रेनी कर्मचारी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है। बच्ची से संबंधित पहचान और अन्य संवेदनशील जानकारी गोपनीय रखी गई है।

ब्लैकमेलिंग से परेशान महिला की मौत, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

दूसरी ओर, लालकुआं में 6 अगस्त को हुई विवाहिता की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी आशिक अली को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक महिला को आपत्तिजनक फोटो और वीडियो के जरिए ब्लैकमेल किया जा रहा था।

महिला के पिता की तहरीर के अनुसार, महिला का अपने पति के हेल्पर आशिक अली से मोबाइल के जरिए संपर्क था और उसका घर पर भी आना-जाना था। आरोप है कि आशिक अली ने महिला को अपने जाल में फंसाकर उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बनाए और बाद में उन्हें लेकर ब्लैकमेल किया। इससे महिला मानसिक रूप से परेशान थी।

पुलिस ने तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर 26 सितंबर को आशिक अली को गिरफ्तार किया। उसके पास से ब्लैकमेलिंग में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। महिला के पति को धमकी देने के आरोप में नामजद साहिब अली और देवेश गंगवार अभी फरार हैं। पुलिस दोनों की तलाश में दबिश दे रही है।

You missed