देहरादून। नीट अभ्यर्थी रिया थापा की मौत के मामले को लेकर रविवार को देहरादून में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कैंडल मार्च निकालकर श्रद्धांजलि अर्पित की और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। यह कैंडल मार्च रिया थापा के पूजा विहार स्थित आवास से शुरू हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक, भ्रष्टाचार और अव्यवस्थाओं ने युवाओं का भविष्य संकट में डाल दिया है। उनका कहना था कि ऐसे मामलों के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी छात्र को इस तरह की परिस्थितियों का सामना न करना पड़े।

मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रिया थापा को श्रद्धांजलि देते हुए सरकार से पूरे मामले की पारदर्शी जांच कराने, दोषियों की जवाबदेही तय करने और प्रतियोगी परीक्षाओं की व्यवस्था को अधिक पारदर्शी व विश्वसनीय बनाने की मांग की। नेताओं ने कहा कि युवाओं का विश्वास बहाल करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

गौरतलब है कि रिया थापा की मौत के बाद प्रदेश में प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता और छात्रों पर बढ़ते मानसिक दबाव को लेकर बहस तेज हो गई है। कांग्रेस ने इस मुद्दे को युवाओं के भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए सरकार से प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।