देहरादून। बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) में कथित अनियमितताओं को लेकर जारी राजनीतिक विवाद के बीच प्रदेश के पर्यटन एवं धर्मस्व मंत्री सतपाल महाराज ने विपक्ष पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि केवल आरोप लगाने और हंगामा करने से किसी मामले का समाधान नहीं होगा। यदि विपक्ष के पास किसी भी प्रकार के ठोस प्रमाण हैं, तो उन्हें संबंधित जांच एजेंसियों या सरकार के समक्ष प्रस्तुत करना चाहिए।

सतपाल महाराज ने कहा कि सरकार किसी भी शिकायत की निष्पक्ष जांच कराने के पक्ष में है और यदि जांच में कोई व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बिना तथ्यों के लगाए गए आरोप केवल राजनीतिक माहौल बनाने का प्रयास हैं, जिनका कोई औचित्य नहीं है।

मंत्री ने विपक्ष से अपील की कि वह संवेदनशील धार्मिक संस्थाओं से जुड़े मामलों में जिम्मेदारी के साथ व्यवहार करे और अनावश्यक बयानबाजी से बचे। उनका कहना था कि धार्मिक संस्थानों की गरिमा बनाए रखना सभी राजनीतिक दलों की साझा जिम्मेदारी है।

गौरतलब है कि बीकेटीसी में कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर विपक्ष लगातार सरकार को घेर रहा है और मामले की पारदर्शी जांच की मांग कर रहा है। इस बीच सतपाल महाराज के बयान से साफ संकेत मिला है कि सरकार आरोपों की जांच के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष को भी अपने दावों के समर्थन में ठोस साक्ष्य प्रस्तुत करने होंगे।