चमोली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को बदरीनाथ धाम पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि तथा जनकल्याण की कामना की। इसके बाद मुख्यमंत्री बदरीनाथ में आयोजित दो दिवसीय देवभूमि सांस्कृतिक महोत्सव-2026 में शामिल हुए।

भारतीय सेना और चमोली जिला प्रशासन की ओर से ऑपरेशन सद्भावना के तहत आयोजित इस महोत्सव का आयोजन बदरीनाथ धाम के अराइवल प्लाजा में किया जा रहा है। महोत्सव की थीम ‘हमारी विरासत, हमारा भविष्य’ रखी गई है। इसका उद्देश्य उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और सीमांत क्षेत्रों की जीवनशैली को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करना है।

महोत्सव में उत्तराखंड की पारंपरिक संस्कृति की झलक देखने को मिल रही है। गढ़वाली लोकनृत्य, लोक संगीत, पारंपरिक वाद्य यंत्रों और धार्मिक प्रस्तुतियों ने आयोजन को खास बनाया। पांडव नृत्य और छंतोली नृत्य भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। इसके अलावा स्थानीय स्तर पर तैयार पारंपरिक खाद्य सामग्री और जैविक उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई है।

महोत्सव के पहले दिन प्रसिद्ध लोक गायिका प्रियंका महर ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया। आयोजन में स्थानीय उत्पादों और संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन और रोजगार के अवसरों को बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है।

इसी दौरान भारतीय सेना की ओर से देश के प्रथम गांव माणा में एक भव्य उच्च ध्वजदंड पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा भी स्थापित किया गया। सेना के अनुसार, यह तिरंगा सीमांत समुदायों और भारतीय सेना के बीच सहयोग एवं विश्वास का प्रतीक है।