नई दिल्ली। पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को दिल्ली में केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी से मुलाकात कर राज्य से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा की। बैठक के दौरान उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों और आपदाजन्य संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।

मुख्यमंत्री धामी ने चार धाम यात्रा के सुचारू, सुरक्षित और निर्बाध संचालन के लिए व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की 100 प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित करने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि अप्रैल से नवंबर तक चलने वाली इस यात्रा के दौरान देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंचते हैं, जिससे व्यावसायिक एलपीजी की मांग में भारी वृद्धि होती है। इस अवधि में राज्य को करीब 9,67,949 व्यावसायिक सिलेंडरों की आवश्यकता होती है।

सीएम ने यह भी बताया कि जून से सितंबर के बीच मानसून के दौरान राज्य में प्राकृतिक आपदाओं का खतरा बना रहता है। दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्यों के लिए एलपीजी की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अतिरिक्त 5 प्रतिशत, यानी लगभग 48,397 व्यावसायिक सिलेंडरों के आवंटन की भी मांग की।

धामी ने कहा कि पर्याप्त एलपीजी उपलब्धता से न केवल यात्रा व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि आपदा के समय राहत कार्यों को भी तेजी और प्रभावशीलता के साथ संचालित किया जा सकेगा।