रुद्रप्रयाग। केदारनाथ पैदल मार्ग पर रविवार शाम चीरबासा के पास पहाड़ी से अचानक मलबा और पत्थर गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में मलबे की चपेट में आने से उत्तर प्रदेश के एटा निवासी पांच वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद पैदल मार्ग पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में यात्री रास्ते में फंस गए। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन और रेस्क्यू टीमों ने तत्काल अभियान शुरू किया। रातभर चले अभियान में करीब 1500 यात्रियों को सुरक्षित मार्ग से बाहर निकाला गया।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार के अनुसार, पुलिस कंट्रोल रूम को चीरबासा के समीप पहाड़ी से पत्थर गिरने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही मौके पर तैनात रेस्क्यू टीम सक्रिय हुई। हादसे में एटा, उत्तर प्रदेश निवासी पांच वर्षीय यश पुत्र रोहताश यादव पत्थरों की चपेट में आ गया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। रेस्क्यू टीम ने बच्चे के शव को पालकी के माध्यम से एमआरपी भैरव मंदिर, जंगलचट्टी तक पहुंचाया।

हादसे के बाद चीरबासा क्षेत्र में मलबा और पत्थर आने से पैदल मार्ग बाधित हो गया। मार्ग पर मौजूद यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए रेस्क्यू टीमों ने उन्हें सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का काम शुरू किया। अंधेरा होने के बावजूद अभियान जारी रहा और देर रात तक यात्रियों को निकालने का सिलसिला चलता रहा।

रातभर चले रेस्क्यू अभियान के दौरान करीब 1500 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। प्रशासन की टीमें मौके पर तैनात रहीं और मार्ग की स्थिति पर नजर रखी गई।

केदारनाथ पैदल मार्ग पर बारिश के दौरान पहाड़ी से मलबा और पत्थर गिरने की घटनाएं यात्रियों के लिए लगातार चुनौती बनी हुई हैं। चीरबासा की घटना ने एक बार फिर यात्रा मार्ग पर सुरक्षा और मौसम की स्थिति को लेकर सतर्कता की जरूरत को सामने ला दिया है।

 

 

You missed