देहरादून। राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में हुए 14 लाख रुपये की लूट के मामले में विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। बजरंग दल कार्यकर्ता सिद्धांत बडोनी की गिरफ्तारी के विरोध में संगठन के कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के बाद पुलिस ने मामले की जांच ग्रामीण सर्किल को सौंपने का फैसला लिया है। इससे पहले मामले की जांच पटेलनगर क्षेत्र के अंतर्गत संबंधित पुलिस अधिकारियों की ओर से की जा रही थी।

बजरंग दल के प्रदर्शन के बाद एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने जांच का सर्किल बदलने के आदेश जारी किए हैं। अब इस मामले की जांच सिटी सर्किल के बजाय देहात सर्किल से कराई जाएगी। एसपी देहात जया बलूनी को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके निर्देशन में मामले की आगे की विवेचना होगी।

दरअसल, सात नवंबर को छोटी दिवाली के दिन पटेलनगर क्षेत्र में महंत इंद्रेश अस्पताल के पास 14 लाख रुपये की लूट की वारदात हुई थी। पुलिस के अनुसार, राजेश कुमार सोनी अपने साथियों के साथ प्लॉट के सौदे के सिलसिले में नकदी लेकर जा रहे थे। इसी दौरान कुछ युवकों ने उन्हें घेरकर मारपीट की और रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गए थे।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से कार्रवाई करते हुए अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में बजरंग दल कार्यकर्ता सिद्धांत बड़ोनी भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 3.02 लाख रुपये बरामद किए हैं।

सिद्धांत बड़ोनी की गिरफ्तारी के बाद बजरंग दल ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए थे। संगठन के कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी को गलत बताते हुए पुलिस कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जांच अधिकारी बदलने की मांग की थी।

शनिवार को हुए प्रदर्शन के बाद एसएसपी ने जांच का सर्किल बदलने का निर्णय लिया। अब एसपी देहात जया बलूनी के निर्देशन में मामले की जांच आगे बढ़ेगी। पुलिस प्रशासन के इस फैसले को विवाद के बीच जांच की निष्पक्षता सुनिश्चित करने की दिशा में उठाए गए कदम के तौर पर देखा जा रहा है।

इस फैसले के बाद अब सभी की नजरें नई जांच प्रक्रिया पर टिकी हैं। हालांकि, मामले में गिरफ्तार सातों आरोपियों के खिलाफ पुलिस की ओर से जुटाए गए साक्ष्यों और बरामदगी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।