News : ​मशहूर ब्रिटिश म्यूजिक बैंड ‘द बीटल्स’ के चारों सदस्यों ने ऋषिकेश के समीप स्थित चौरासी कुटी आश्रम में आध्यात्मिक शांति हासिल करने के साथ किस तरह विश्वविख्यात धुनों की रचना की, यह कहानी अब जल्द ही बड़े पर्दे पर दिखाई देगी। ऑस्कर पुरस्कार विजेता निर्देशक सर सैम मेंडेस के निर्देशन में तैयार हो रहे इस अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट ‘द बीटल्स : ए फोर-फिल्म सिनेमैटिक इवेंट’ की शूटिंग आगामी वर्ष फरवरी में चौरासी कुटी में शुरू होना प्रस्तावित है।

​रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात के दौरान अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने यह जानकारी साझा की। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि ‘क्लोवर’ नाम से बनाई जा रही इस प्रोजेक्ट श्रृंखला के तहत बैंड के चारों सदस्यों के जीवन और उनकी संगीतमय यात्रा पर आधारित चार अलग-अलग फिल्में तैयार की जा रही हैं।

​इस फिल्म सीरीज को अप्रैल 2028 में दुनियाभर के थिएटर्स में प्रदर्शित करने की योजना है। चौरासी कुटी में होने वाली शूटिंग के दौरान 100 से अधिक विदेशी और करीब 150 भारतीय क्रू मेंबर्स के मौजूद रहने की उम्मीद है। इसके अतिरिक्त स्थानीय तकनीशियनों और सहायकों की सेवाएं भी प्राप्त की जाएंगी।

​भारत में इस फिल्म निर्माण से जुड़े तमाम कार्यों का संयोजन ‘ऑन द रोड इंडिया’ एजेंसी कर रही है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन के साथ-साथ होटल उद्योग, परिवहन और अन्य व्यापारिक गतिविधियों को बड़ा बढ़ावा मिलने की संभावना है।

News : ​सांस्कृतिक धरोहर और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को मिलेगा नया आयाम

​मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड अपने मनमोहक प्राकृतिक सौंदर्य, आध्यात्मिक पहचान और बेहतरीन शूटिंग लोकेशन्स की वजह से फिल्म मेकर्स की पहली पसंद बनता जा रहा है। राज्य की ‘फिल्म नीति-2024’ के तहत सरकार निर्माताओं को हर संभव सुविधाएं और सहयोग प्रदान कर रही है।

​उन्होंने आगे कहा कि ऋषिकेश की पहचान विश्वभर में योग और अध्यात्म के केंद्र के रूप में है, और ‘द बीटल्स’ बैंड का इस शहर से ऐतिहासिक नाता रहा है। ऐसे में इस अंतरराष्ट्रीय फिल्म की शूटिंग से उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत और वैश्विक पर्यटन को एक नई पहचान प्राप्त होगी।

​मुख्यमंत्री से भेंट करने वाले प्रतिनिधिमंडल में यूके की फिल्म निर्माता एलेक्जेंड्रा डर्बीशायर, सुपरवाइजिंग लोकेशन मैनेजर एम्मा पिल और भारतीय फिल्म निर्माता दिलीप सिंह राठौड़ प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Also Read : News : 22 साल तक साथ रहने के बाद अचानक क्यों आए आरोप’, मंत्री रेखा आर्य और गिरधारी साहू विवाद पर पहली बार बोले सीएम धामी