Dehradun : ​राजधानी देहरादून में एक महिला जज ने रैपिडो चालक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनके मुताबिक, ड्राइवर ने न सिर्फ उनके साथ छेड़छाड़ और अपहरण का प्रयास किया, बल्कि उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता की शिकायत पर डालनवाला कोतवाली पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

Dehradun : सुनसान इलाके में ले गया रैपिडो चालक

​यह घटना 21 अक्टूबर की शाम की है। महिला जज ने बलबीर रोड स्थित जजेज कॉलोनी से मालदेवता के सौड़ा सरोली जाने के लिए रैपिडो कार की बुकिंग की थी। आरोप है कि चालक तय रास्ते से अलग ले जाकर उन्हें एक सुनसान इलाके में ले गया और लगभग नौ किलोमीटर की दूरी का हवाला देते हुए भारी-भरकम अतिरिक्त किराये की मांग करने लगा। जब जज ने इसका विरोध किया, तो उसने बदसलूकी की और पुलिस में ऊंची जान-पहचान होने का हवाला देकर डराने-धमकाने लगा।

​शिकायत में यह भी बताया गया है कि इसके बाद आरोपी चालक सीधे जजेज कॉलोनी के मुख्य गेट पर जा पहुंचा। वहां उसने जमकर हंगामा किया और ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड को भी धमकी दी। महिला जज ने अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।

Also Read : Dehradun : प्रदेश में 23 अक्टूबर से शुरू की जाएगी EVM मशीनों की FLC