देहरादून। बैठक में शिक्षा मंत्री ने बताया कि प्रदेश के सरकारी और अशासकीय विद्यालयों के 4.48 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं को इन योजनाओं का लाभ मिलता है। वर्तमान में दी जा रही धनराशि महंगाई और बढ़ती जरूरतों के हिसाब से कम है। ऐसे में राशि बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार कर अगली कैबिनेट बैठक में प्रस्तुत किया जाएगा।

मेधावी विद्यार्थियों को दूसरे राज्यों में शैक्षिक भ्रमण का अवसर

शिक्षा मंत्री ने प्रदेश के मेधावी विद्यार्थियों को अंतरराज्यीय शैक्षिक भ्रमण पर भेजने की योजना को भी जल्द लागू करने के निर्देश दिए। इस भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को वैज्ञानिक अनुसंधान केंद्रों, अंतरिक्ष अनुसंधान संस्थानों, खेल प्रशिक्षण केंद्रों, तकनीकी संस्थानों और सांस्कृतिक व ऐतिहासिक स्थलों का दौरा कराया जाएगा। कार्यक्रम के बेहतर संचालन के लिए निदेशालय स्तर पर नोडल अधिकारी नामित किया जाएगा।

खाली पद भरने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश

बैठक में शिक्षा विभाग के शैक्षिक और शिक्षणेत्तर संवर्ग के रिक्त पदों को भरने पर भी चर्चा हुई। शिक्षा मंत्री ने प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग में भर्ती प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए। इसके अलावा चतुर्थ श्रेणी के रिक्त पदों को भरने, अशासकीय विद्यालयों में शिक्षकों के समायोजन और प्रांतीयकरण से जुड़े मामलों पर भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

बैठक में एससीईआरटी और जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (डायट) के नए ढांचे के गठन से संबंधित प्रस्तावों को आगामी कैबिनेट बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए। सरकार की इन पहलों का उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है।

You missed