हरिद्वार। लक्सर कोतवाली के गेट पर मंगलवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक व्यक्ति ने कथित तौर पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर खुद को आग लगा ली। पुलिसकर्मियों ने तत्काल कंबल डालकर आग बुझाई और गंभीर रूप से झुलसे व्यक्ति को उपचार के लिए लक्सर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उसे एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, व्यक्ति करीब 60 फीसदी से अधिक झुलसा है।
घटना मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, लक्सर कोतवाली क्षेत्र के मुंडाखेड़ा खुर्द गांव निवासी नारायण उर्फ नीटू बाइक से कोतवाली पहुंचा। उसने कोतवाली गेट पार कर बाइक एक तरफ खड़ी की। बताया गया कि उसने पहले ही अपने शरीर और कपड़ों पर ज्वलनशील पदार्थ डाल रखा था। बाइक से उतरने के बाद उसने माचिस जलाकर खुद को आग लगा ली। कुछ ही क्षण में वह आग की लपटों से घिर गया।
घटना के बाद कोतवाली में मौजूद पुलिसकर्मी तुरंत उसकी ओर दौड़े। कांस्टेबल मनोज मलिक और अरविंद रावत ने हवालाती कंबल की मदद से आग बुझाई। इसके बाद उसे तत्काल लक्सर सीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया।
अस्पताल में तहसीलदार दीवान सिंह राणा और कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने घायल के बयान दर्ज किए। पुलिस के अनुसार, नारायण ने रिश्तेदार के साथ करीब 30 लाख रुपये के लेनदेन और जमीन से जुड़े विवाद की बात बताई। उसका कहना था कि रकम देने के बावजूद जमीन की रजिस्ट्री नहीं हो रही थी और पैसे भी वापस नहीं मिले थे। इसी विवाद को लेकर वह परेशान था।
पुलिस के अनुसार, मामले में अभी तक प्रथम दृष्टया भूमि और पैसों के लेनदेन का विवाद सामने आया है। सीओ लक्सर देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
