देहरादून। उत्तराखंड में खराब मौसम के चलते दो दिनों से स्थगित चारधाम यात्रा सोमवार को एक बार फिर शुरू कर दी गई। मौसम में सुधार और यात्रा मार्गों की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने रोक हटा दी है। चारधाम यात्रा नियंत्रण संगठन, ऋषिकेश से मिले निर्देशों के बाद जिलाधिकारी ने यात्रियों को चारधाम की ओर जाने की अनुमति दी। इससे यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं को राहत मिली है।

बीते दिनों प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश और खराब मौसम के कारण यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चारधाम यात्रा को शनिवार और रविवार के लिए रोक दिया गया था। इस दौरान यात्रियों को सुरक्षित स्थानों और ट्रांजिट कैंप में रुकने की सलाह दी गई थी। मौसम विभाग की ओर से कई जिलों में भारी बारिश के अलर्ट के बीच प्रशासन ने यात्रा मार्गों पर विशेष निगरानी रखी।

यात्रा दोबारा शुरू होने के साथ ही प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों, पुलिस और तहसील प्रशासन को यात्रा को सुचारु और सुरक्षित तरीके से संचालित कराने के निर्देश दिए हैं। यात्रा मार्गों पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्क रहने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है। यात्रा नोडल अधिकारियों को भी आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

हालांकि प्रदेश के कई हिस्सों में अभी भी बारिश का मौसम बना हुआ है। ऐसे में प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। यात्रियों को मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेकर ही आगे बढ़ने की सलाह दी जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की थी।

बारिश के कारण राज्य में कई सड़कें अभी भी बंद हैं। सोमवार को राज्य में 123 मार्ग बंद बताए गए, जिनमें 79 ग्रामीण सड़कें शामिल हैं। पौड़ी में सबसे अधिक 27, नैनीताल में 22 और अल्मोड़ा में 20 मार्ग बंद हैं। चमोली में 14, पिथौरागढ़ में 13, टिहरी में आठ और उत्तरकाशी में छह मार्ग बंद हैं। ऐसे में चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को रास्ते की स्थिति की जानकारी लेकर यात्रा करने की सलाह दी गई है।

You missed