देहरादून। रायपुर क्षेत्र में सहस्रधारा रोड स्थित नालापानी चौक के पास महिला को जबरन कार में बैठाने के प्रयास के मामले में पुलिस ने एक युवती को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जांच में सामने आया कि महिला को डराने और उस पर दबाव बनाने के लिए आरोपी वहां पहुंचे थे। मामले में चार अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
पुलिस के अनुसार, घटना 23 सितंबर की सुबह करीब 6:50 बजे की है। कानन कुंज, सहस्रधारा रोड निवासी सुषमा वर्मा ने रायपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि नालापानी चौक के पास कुछ लोगों ने उन्हें जबरन कार में बैठाने का प्रयास किया। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रायपुर थाना पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही संदिग्ध वाहन और आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई गई। जांच के दौरान पुलिस ने 26 सितंबर को सहस्रधारा रोड से चाहत उर्फ अन्नू (19) को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में पुलिस के सामने पैसों के लेन-देन से जुड़े विवाद की बात सामने आई। पुलिस के अनुसार, महिला और दीपक के बीच डेयरी कारोबार से जुड़े करीब 7.50 लाख रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद था। इसी विवाद में महिला पर रकम लौटाने का दबाव बनाने और उसे डराने के लिए कार में बैठाने की कथित योजना बनाई गई थी।
पुलिस ने मामले में दीपक, सुशांत उर्फ लक्की, आदित्य वशिष्ठ और प्रियांशु को भी आरोपी बनाया है। चारों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में सामने आए सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
