देहरादून। उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायतों के रिक्त पदों पर उपचुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से घोषित कार्यक्रम के अनुसार 12 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि 14 अक्टूबर को मतगणना कर चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 30 सितंबर से शुरू होगी।
राज्य में ग्राम पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य के रिक्त पदों पर यह उपचुनाव कराया जा रहा है। आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक 30 सितंबर और एक अक्टूबर को सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। इसके बाद तीन अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। प्रत्याशी चार अक्टूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक नाम वापस ले सकेंगे। पांच अक्टूबर को प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।
12 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसके बाद 14 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी और देर शाम तक परिणाम घोषित किए जाने की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। नामांकन, नाम वापसी, चुनाव चिह्न आवंटन और मतगणना से संबंधित प्रक्रिया संबंधित क्षेत्र पंचायत मुख्यालयों पर संपन्न होगी।
आयोग के अनुसार प्रदेश में कुल 3922 रिक्त पदों पर उपचुनाव होना है। इनमें ग्राम पंचायत सदस्य के 3890, ग्राम प्रधान के 23 और क्षेत्र पंचायत सदस्य के नौ पद शामिल हैं। रिक्त पद अलग-अलग जिलों में हैं। इनमें सबसे अधिक ग्राम पंचायत सदस्य के पद पौड़ी, अल्मोड़ा और टिहरी जिलों में रिक्त हैं।
चमोली जिले में भी पंचायतों के रिक्त पदों पर उपचुनाव होगा। यहां छह ग्राम प्रधान, 279 ग्राम पंचायत सदस्य और दो क्षेत्र पंचायत सदस्य के पद रिक्त हैं। जिला निर्वाचन अधिकारियों को संबंधित विकासखंडों में आरक्षण समेत रिक्त पदों का पूरा विवरण सार्वजनिक करने और आयोग के निर्देशों के अनुसार निर्वाचन प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए गए हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग की अधिसूचना के बाद अब संबंधित जिलों में प्रशासनिक स्तर पर चुनाव तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
