अमरोहा। उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में उत्तराखंड के एक निर्दलीय विधायक के बताए जा रहे फार्महाउस में हरियाणा की 23 वर्षीय युवती से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने दो पुलिसकर्मियों और दो सीआरपीएफ कर्मियों समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के झूलपुरी स्थित फार्महाउस में हुई।

पुलिस के मुताबिक, पीड़िता हरियाणा के फतेहाबाद जिले की रहने वाली है और एक निजी कंपनी में काम करती है। उसकी पहचान सीआरपीएफ में तैनात हेड कांस्टेबल मोहित से एक महिला मित्र के माध्यम से हुई थी। 21 सितंबर को युवती सोनीपत में मोहित से मिली। इसके बाद वह उसकी कार से मेरठ गई, जहां मोहित का साथी सीआरपीएफ इंस्पेक्टर लालाराम यादव भी उनके साथ हो गया। दोनों उसे लेकर अमरोहा के हसनपुर पहुंचे।

आरोप है कि हसनपुर में उनकी मुलाकात स्थानीय पुलिसकर्मी संजय तोमर से हुई, जिसके बाद सभी झूलपुरी स्थित फार्महाउस पहुंचे। कुछ देर बाद हसनपुर कोतवाली में तैनात सिपाही प्रमोद कुमार भी वहां पहुंचा। पीड़िता के अनुसार, रात में तीन आरोपियों ने उसके कमरे में जाकर जबरन दुष्कर्म किया। इसके बाद जब चौथा आरोपी कमरे में पहुंचा तो युवती ने उसे धक्का देकर बाहर कर दिया और कमरा अंदर से बंद कर लिया। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवती को सुरक्षित बाहर निकाला। उसकी तहरीर के आधार पर चारों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। युवती का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और मामले की जांच जारी है।

मामले में हसनपुर कोतवाली के दरोगा संजय तोमर और सिपाही प्रमोद कुमार को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, दोनों सीआरपीएफ कर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी गई है। पुलिस ने फार्महाउस के प्रबंधन से जुड़े लोगों से भी पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, जिस फार्महाउस में घटना का आरोप है, वह उत्तराखंड की खानपुर विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक उमेश शर्मा का बताया जा रहा है। विधायक ने पुलिस को बताया कि घटना वाली रात कुछ लोग खुद को अधिकारी बताकर फार्महाउस पहुंचे थे। मामले की जांच में इस पहलू को भी शामिल किया गया है।