उत्तरकाशी। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने शनिवार को अपने दो दिवसीय यमुना घाटी भ्रमण के दौरान विकासखंड नौगांव के डख्याट गांव में ग्रामीण चौपाल लगाई। मंदिर प्रांगण में आयोजित चौपाल में उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर गांव की विभिन्न समस्याओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
चौपाल में ग्राम प्रधान बिशाल सिंह सहित ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा और युवाओं से जुड़ी समस्याएं जिलाधिकारी के सामने रखीं। ग्रामीणों ने डांडा गांव छानी से तटाऊ महाविद्यालय तक स्वीकृत करीब तीन किलोमीटर मोटर मार्ग के निर्माण में हो रही देरी का मामला उठाया। इस पर जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को सड़क की अद्यतन स्थिति की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों ने प्राथमिक विद्यालय की जर्जर स्थिति और पंचायत भवन तथा आंगनबाड़ी केंद्र के लिए भवन की आवश्यकता भी बताई। डीएम ने खंड विकास अधिकारी नौगांव को नए आंगनबाड़ी भवन के निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने को कहा। वहीं, जल जीवन मिशन के अधूरे कार्यों पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्था को काम गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
युवाओं की समस्याओं पर चर्चा के दौरान विद्यालय परिसर स्थित खेल मैदान के समतलीकरण और व्यवस्थीकरण के साथ खेल सामग्री उपलब्ध कराने की कार्ययोजना बनाने को कहा गया।
चौपाल में एक महिला ने अपनी दो वर्षीय बेटी आराध्या की आंख की समस्या भी डीएम के सामने रखी। जिलाधिकारी ने एसीएमओ को तत्काल बच्ची का स्वास्थ्य परीक्षण कराने और बेहतर उपचार के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना में पात्र लाभार्थियों के चयन में अनियमितता की शिकायत पर डीएम ने लाभार्थियों की सूची का पारदर्शी तरीके से पुनः सत्यापन कराने के निर्देश दिए।
