हल्द्वानी। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन बुधवार को उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर हल्द्वानी पहुंचे। उनके पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में उत्साह देखने को मिला। नितिन नबीन ने हल्द्वानी में आयोजित भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में हिस्सा लिया।

रामपुर रोड स्थित होटल में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बैठक में प्रदेश के सभी जिलों के अध्यक्ष और महामंत्री, प्रदेश पदाधिकारी, विधायक, सांसद तथा विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों ने भी भाग लिया।

बैठक में संगठन को मजबूत करने, आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और पार्टी के जमीनी नेटवर्क को और प्रभावी बनाने को लेकर मंथन किया गया। प्रदेश कार्यसमिति में बड़ी संख्या में प्रतिनिधियों के शामिल होने से हल्द्वानी में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन भी देखने को मिला। पार्टी की ओर से बैठक के लिए शहर को झंडों और पोस्टरों से सजाया गया था।

नितिन नबीन के दौरे को आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके कार्यक्रम में प्रदेश पदाधिकारियों और कोर कमेटी के साथ बैठकें भी शामिल हैं। इन बैठकों में संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी रणनीति को लेकर चर्चा होने की संभावना है।

वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नितिन नबीन के दौरे को पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने वाला बताया। राष्ट्रीय अध्यक्ष के उत्तराखंड दौरे से प्रदेश भाजपा संगठन में उत्साह का माहौल बना हुआ है।