चमोली। उत्तराखंड के प्रसिद्ध केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में शनिवार सुबह से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। दोनों धामों में घना कोहरा छाया रहा और लगातार हो रही बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। ठंड बढ़ने के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं दिखी और चारधाम यात्रा प्रशासन की निगरानी में सुचारु रूप से जारी रही।

केदारनाथ धाम में सुबह से कोहरे की चादर बिछी रही। लगातार हो रही बारिश के कारण पूरे क्षेत्र में ठंड का असर बढ़ गया है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। यात्रा मार्ग पर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं तथा मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। अब तक 14 लाख 14 हजार 590 से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं, जो इस वर्ष यात्रा के प्रति लोगों की आस्था को दर्शाता है।

रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि पिछले दो दिनों में भारी बारिश के अलर्ट के कारण एहतियातन यात्रा को कुछ समय के लिए रोका गया था और यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया गया था। मौसम में सुधार होने के बाद यात्रा को फिर से सामान्य रूप से संचालित किया जा रहा है। प्रशासन ने यात्रियों से मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करने और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है ।

वहीं, बदरीनाथ धाम में भी सुबह से हल्की बारिश और घना कोहरा बना रहा। मौसम खराब होने के कारण श्रद्धालुओं की संख्या में कुछ कमी जरूर आई है, लेकिन दर्शन की व्यवस्था सुचारु रूप से चल रही है। प्रशासन ने बताया कि दोनों धामों में यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। मौसम विभाग की चेतावनियों को देखते हुए प्रशासन लगातार हालात की निगरानी कर रहा है, ताकि यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से जारी रह सके।

You missed