देहरादून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा सिटी फॉरेस्ट पार्क में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्धन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, सचिव मोहन सिंह बर्निया, प्रशासनिक अधिकारी, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। प्रकृति की हरियाली के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में एक हजार से अधिक लोगों ने भाग लेकर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। कार्यक्रम के समापन पर एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने योग प्रशिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने कहा कि योग भारत की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करता है। उन्होंने लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि उत्तराखंड योग, आयुर्वेद, वेलनेस और प्राकृतिक चिकित्सा का वैश्विक केंद्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने लोगों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के बाद मुख्य सचिव ने 12 एकड़ में विकसित सिटी फॉरेस्ट पार्क का निरीक्षण किया। उन्होंने चिल्ड्रन पार्क, साइकिल ट्रैक, ओपन जिम, कैफेटेरिया, थ्री-डी थिएटर, सोलर प्लांट, ईवी चार्जिंग स्टेशन और अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पार्क में आने वाले लोगों से डिजिटल माध्यम से सुझाव लेने के लिए क्यूआर कोड आधारित ऑनलाइन फीडबैक सिस्टम विकसित करने के निर्देश दिए।

एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि भविष्य में भी सिटी फॉरेस्ट पार्क में स्वास्थ्य, पर्यावरण और जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग प्रकृति के बीच स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित हो सकें।