देहरादून। उत्तराखंड की धामी सरकार ने भाजपा से जुड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं को विभिन्न सरकारी संस्थाओं में नई जिम्मेदारियां सौंपते हुए महत्वपूर्ण नियुक्तियां की हैं। शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार कई नेताओं को निगमों, आयोगों और चारधाम यात्रा से जुड़े महत्वपूर्ण पदों पर नामित किया गया है।
आदेश के तहत देहरादून निवासी और डीएवी कॉलेज के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष पारस गोयल, विशाल गुप्ता तथा ऋतु मिश्रा को गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) में गैर-सरकारी निदेशक नियुक्त किया गया है। इन नियुक्तियों को संगठन और सरकार के बीच समन्वय को मजबूत करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
वहीं, चमोली जिले के जोशीमठ निवासी वरिष्ठ भाजपा नेता माधव सेमवाल को बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति में चारधाम यात्रा के लिए सलाहकार की जिम्मेदारी सौंपी गई है। चारधाम यात्रा के संचालन और व्यवस्थाओं में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
इसके अलावा चंपावत निवासी मनोज कालाकोटी को उत्तराखंड अनुसूचित जाति आयोग का उपाध्यक्ष नामित किया गया है। सरकार की ओर से की गई इन नियुक्तियों को आगामी समय में संगठनात्मक और प्रशासनिक कार्यों को मजबूती देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
