देहरादून। उत्तराखंड में रविवार सुबह से मौसम ने अचानक करवट ले ली। राजधानी देहरादून में सुबह अंधेरा छाने के साथ तेज बारिश शुरू हो गई, जिसके साथ जमकर ओलावृष्टि भी हुई। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है, लेकिन पहाड़ी इलाकों में ठंड बढ़ गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, प्रदेश के कई पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है, जबकि 4000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। विशेष रूप से उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में बारिश और बिजली चमकने की चेतावनी जारी की गई है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने देहरादून समेत कई जिलों में 4 और 5 मई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा पूरे प्रदेश में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने, राहत और बचाव दलों को अलर्ट मोड पर रखने तथा पर्वतीय इलाकों में ट्रैकिंग गतिविधियों को नियंत्रित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

इसके साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई और बीआरओ को मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में तत्काल बहाली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने और ग्राम स्तर तक अधिकारियों को सक्रिय रहने को कहा है।