नैनीताल। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर मंगलवार को जिलेभर में स्टेशनरी दुकानों का व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान परगनाधिकारियों ने हल्द्वानी, रामनगर, नैनीताल, कोटाबाग, बेतालघाट और कैचीधाम सहित विभिन्न क्षेत्रों में दुकानों की जांच की। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि स्कूलों द्वारा छात्रों को किसी विशेष दुकान या निजी प्रकाशकों की किताबें खरीदने के लिए बाध्य न किया जाए।
जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण अनियमितताएं सामने आईं। विशेष रूप से हल्द्वानी क्षेत्र में पाया गया कि कई विद्यालय कक्षा एक से ऊपर की कक्षाओं के लिए एनसीईआरटी के अलावा अन्य निजी प्रकाशकों की महंगी किताबें अनिवार्य कर रहे हैं। इन पुस्तकों की कीमत एनसीईआरटी पुस्तकों की तुलना में काफी अधिक पाई गई। इस पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए मुख्य शिक्षा अधिकारी को संबंधित विद्यालयों के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति भेजी है।
इसके अलावा, निरीक्षण में यह भी सामने आया कि कई स्कूल प्ले ग्रुप, नर्सरी, एलकेजी और यूकेजी कक्षाएं संचालित कर रहे हैं। इन कक्षाओं की मान्यता को लेकर शिक्षा विभाग से विस्तृत आख्या मांगी गई है। अन्य तहसीलों में भी इसी प्रकार की खामियां पाई गईं, जिन पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता तथा अभिभावकों को राहत देने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।
