नई दिल्ली। दिल्ली हाईकोर्ट ने फरवरी 2025 में जंतर-मंतर पर हुए कथित अवैध प्रदर्शन से जुड़े मामले में ट्रायल कोर्ट की कार्यवाही पर अंतरिम रोक लगा दी है। यह मामला जंतर-मंतर पर यूजीसी के ड्राफ्ट दिशानिर्देशों के खिलाफ बिना अनुमति प्रदर्शन से संबंधित है।

पुलिस द्वारा दाखिल चार्जशीट में कई प्रमुख विपक्षी नेताओं के नाम शामिल हैं, जिनमें राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल, अखिलेश यादव, कनिमोझी, ए. राजा और सीवीएमपी एझिलारासन शामिल हैं।

मामला फिलहाल राउज एवेन्यू कोर्ट में लंबित है, जहां चार्जशीट दाखिल होने के बावजूद अभी तक अदालत ने संज्ञान नहीं लिया है। इस बीच, डीएमके नेता सीवीएमपी एझिलारासन ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर एफआईआर रद्द करने की मांग की है।

हाईकोर्ट ने याचिका पर सुनवाई करते हुए निचली अदालत की कार्यवाही पर अगली सुनवाई तक रोक लगा दी है। इस आदेश के बाद मामले में आगे की कार्रवाई फिलहाल स्थगित रहेगी।