कोटद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार में प्रस्तावित कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को तेज करते हुए विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों के लिए करोड़ों रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। कुंभ मेला के तहत प्रस्तावित कमांड एंड कंट्रोल सेंटर-2 भवन निर्माण के लिए 50.27 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं, जिसमें पहली किश्त के रूप में 20.11 करोड़ जारी किए गए हैं।
इसके साथ ही ऊधमसिंह नगर के किच्छा विधानसभा क्षेत्र में कम्यूनिटी हॉल निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिसमें प्रथम चरण में 50 लाख जारी किए गए हैं। पिथौरागढ़ जिले में धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के सौंदर्यीकरण और मेला स्थल निर्माण के लिए 98.64 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए विभिन्न ग्राम पंचायतों में आंतरिक सीसी मार्ग निर्माण हेतु एक करोड़ और 79.64 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। आपदा न्यूनीकरण के तहत चंपावत में शारदा नदी के दाएं किनारे पर बाढ़ सुरक्षा कार्यों के लिए 4.64 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
इसके अलावा नगर निगम रुद्रपुर के मुख्य कार्यालय भवन के पुनर्निर्माण के लिए 15.74 करोड़ तथा देहरादून के सहस्त्रधारा रोड स्थित शहरी विकास निदेशालय के कार्यालय भवन निर्माण के लिए पहली किश्त के रूप में 5 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। उत्तराखंड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम, विकासनगर के तहत तीन परियोजनाओं के क्रियान्वयन के लिए 11.11 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी दी गई है।
सरकार के इन फैसलों से प्रदेश में बुनियादी ढांचे के विकास और कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
