नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को दिल्ली के उत्तम नगर में हुई हिंसक झड़प को लेकर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा देश में सांप्रदायिक तनाव भड़काने की कोशिश कर रही है और लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए घटना पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इस झड़प में लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। गांधी के अनुसार, एक ओर ‘तरुण’ नामक युवक की जान चली गई, वहीं दूसरी ओर एक पूरा परिवार उत्पीड़न का सामना कर रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि देश को और खून-खराबे की जरूरत नहीं है।
गांधी ने अपने बयान में आरोप लगाया कि “खून-खराबा केवल भाजपा और उसका इकोसिस्टम चाहता है, जो नफरत के माहौल में हिंसा को बढ़ावा देता है।” उन्होंने कहा कि भाजपा देश को हिंदू-मुस्लिम मुद्दों में उलझाए रखना चाहती है ताकि जनता महत्वपूर्ण सवाल जैसे राष्ट्रीय सुरक्षा, ऊर्जा सुरक्षा और खाद्य सुरक्षा पर सरकार से जवाब न मांग सके।
कांग्रेस नेता ने दिल्लीवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी उकसावे या अफवाहों में न आएं और शांति बनाए रखें। उन्होंने जोर देकर कहा कि देश की असली ताकत एकता, भाईचारे और प्रेम में निहित है। अपने संदेश के अंत में गांधी ने “जोड़ो जोड़ो, भारत जोड़ो” का नारा देते हुए सद्भाव और सामाजिक एकता को बनाए रखने का आह्वान किया।
